शहीद शिवदत्त प्रजापति के परिजनों की केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय से मुलाकात, मोहन प्रजापति ने डॉ. संजीव बालियान का जताया आभार
नई दिल्ली/मुजफ्फरनगर। कश्मीर के बारामुला में तैनात रहते हुए शहीद हुए भोपा निवासी बीएसएफ जवान शिवदत्त प्रजापति के परिजनों की मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय से मुलाकात कराई गई। यह मुलाकात पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान के प्रयासों से संभव हुई।

गत दिनों शहीद शिवदत्त प्रजापति की शहादत के बाद भोपा क्षेत्र में लोगों ने विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया था। उस दौरान डॉ. संजीव बालियान ने शहीद परिवार को केंद्रीय गृह राज्यमंत्री से मिलवाकर उनकी समस्याओं को सरकार के समक्ष रखने का आश्वासन दिया था। अपने वादे के अनुरूप उन्होंने शहीद के परिजनों की मुलाकात केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय से उनके सरकारी आवास पर कराई।
इस अवसर पर भारतीय अति पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन प्रजापति, भाजपा नेता अमित राठी तथा अन्य लोग भी मौजूद रहे। डॉ. संजीव बालियान ने केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के समक्ष शहीद परिवार की ओर से आर्थिक सहायता, शहीद को मिलने वाली सभी सरकारी सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने, शहीद के पुत्र को सरकारी नौकरी देने तथा शहादत से जुड़ी परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग रखी।
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक कार्रवाई और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
भारतीय अति पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन प्रजापति ने समाज की ओर से डॉ. संजीव बालियान और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शहीदों के परिवारों का सम्मान और उनकी समस्याओं का समाधान देश की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में होना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार शहीद परिवार को न्याय और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएगी।
मुलाकात के दौरान बुलंदशहर के सांसद भोला सिंह, भाजपा नेता अमित राठी सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
#SanjeevBalyan #RajsattaPost #AnujTyagiPost

