मुजफ्फरनगर: जय शिव शंकर सेवा समिति का 24वां कावड़ सेवा शिविर शुरू, सांसद हरेंद्र मलिक के पुत्र निशांत मलिक ने किया उद्घाटन
मुजफ्फरनगर। उत्तर भारत की सबसे बड़ी कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सेवा के उद्देश्य से जय शिव शंकर सेवा समिति द्वारा आयोजित 24वें कावड़ सेवा शिविर का शुभारंभ सोमवार को शामली बस स्टैंड स्थित प्रेमपुरी में वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-पूजन के साथ किया गया। शिविर का उद्घाटन सांसद हरेंद्र मलिक के छोटे पुत्र एवं चरथावल विधायक पंकज मलिक के छोटे भाई निशांत मलिक ‘निशु’ ने फीता काटकर किया।

उद्घाटन के बाद निशांत मलिक ने कहा कि श्रावण मास में कांवड़ियों की सेवा करना अत्यंत पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ के भक्तों की सेवा ही सच्ची शिव आराधना है। जय शिव शंकर सेवा समिति पिछले 24 वर्षों से निरंतर सेवा की परंपरा निभा रही है, जो समाज के लिए प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, अनुशासन और भाईचारे का प्रतीक है तथा सभी शिवभक्तों की सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा के लिए वह भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना करते हैं।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह सेवा शिविर 3 अगस्त से 10 अगस्त तक लगातार संचालित रहेगा। प्रतिदिन शाम 7 बजे भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। शिविर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और सेवा कार्यों के लिए स्वयंसेवकों की अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं।
शिविर में कांवड़ियों के लिए 24 घंटे निशुल्क सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इनमें अनुभवी चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं प्राथमिक उपचार, दवाइयों की व्यवस्था, चाय-नाश्ता, पौष्टिक भोजन, शुद्ध पेयजल, स्नान की सुविधा, विश्राम स्थल, मोबाइल चार्जिंग, स्वच्छ शौचालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। समिति के सदस्य और स्वयंसेवक दिन-रात सेवा कार्य में जुटे रहेंगे ताकि यात्रा के दौरान किसी भी शिवभक्त को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल सेवा है और प्रत्येक वर्ष श्रद्धा एवं समर्पण के साथ कांवड़ियों की सेवा की जाती है। उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, व्यापारी, समिति पदाधिकारी, शिवभक्त एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। पूरे परिसर में “बम-बम भोले” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से भक्तिमय वातावरण बना रहा।
#RajsattaPost #AnujTyagiPost #Muzaffarnagar

