मुजफ्फरनगर के युवक की कर्नाटक में सड़क हादसे में मौत, शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम, तीन मासूमों के सिर से उठा पिता का साया

राजसत्ता पोस्ट |असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर | कर्नाटक के चन्नगिरी तालुक क्षेत्र के संतेबेन्नूर गांव स्थित सरकारी कॉलेज के पास 13 जुलाई 2026 को हुए भीषण सड़क हादसे में मुजफ्फरनगर जनपद के शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव गोयला निवासी 26 वर्षीय मोहम्मद फिरोज पुत्र कल्लू की दर्दनाक मौत हो गई। फिरोज कर्नाटक में बेडशीट (चादर) का व्यापार कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। इस हादसे ने पूरे परिवार और गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।

जानकारी के अनुसार, फिरोज अपनी स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान एक कार चालक ने ओवरटेक करने के प्रयास में सामने से आ रही उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि फिरोज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क पर 10 से अधिक बार पलट गई, जिससे चालक सहित अन्य सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सूचना मिलने पर संतेबेन्नूर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना का निरीक्षण कर मामला दर्ज किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

दुर्घटना के बाद जब फिरोज का शव उनके पैतृक गांव गोयला पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गांव के लोगों की आंखें भी नम हो गईं और पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया। एक दिन पूर्व गांव के कब्रिस्तान में नम आंखों से उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम विदाई देने पहुंचे।

बताया जा रहा है कि करीब आठ वर्ष पहले फिरोज का विवाह हुआ था। वह अपने पीछे पत्नी और तीन मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य होने के कारण उनकी असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोग परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं और ईश्वर से दिवंगत की मगफिरत तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की दुआ कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed