सुमन विहार–कंपनी बाग रास्ता विवाद सुलझा, सांसद हरेंद्र मलिक ने खत्म कराई तीन दिन से चल रही भूख हड़ताल

असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर के सुमन विहार से कंपनी बाग तक रास्ता खुलवाने की मांग को लेकर तीन दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे जितेंद्र चौधरी और क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है। शनिवार को समाजवादी पार्टी के मुजफ्फरनगर सांसद हरेंद्र मलिक की पहल पर दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया, जिसके बाद सांसद ने जितेंद्र चौधरी को जूस पिलाकर उनकी भूख हड़ताल समाप्त कराई। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौड़ भी मौजूद रहे।

सांसद हरेंद्र मलिक ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बन गई है और लंबे समय से चले आ रहे विवाद का समाधान हो गया है। उन्होंने कहा कि कंपनी बाग से सुमन विहार को जोड़ने वाले मार्ग पर एक गेट लगाया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों का आवागमन सुगम हो सके। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे विवाद आपसी बातचीत और सहमति से ही समाप्त होने चाहिए।

सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौड़ ने बताया कि प्रशासन की मौजूदगी में दोनों पक्षों के साथ वार्ता की गई, जिसके बाद सहमति बनने पर भूख हड़ताल समाप्त करा दी गई। उन्होंने कहा कि कंपनी बाग से सटी दीवार पर गेट लगाए जाने पर दोनों पक्ष सहमत हैं।

भूख हड़ताल पर बैठे जितेंद्र चौधरी ने बताया कि वर्ष 2012-13 में कंपनी बाग से सुमन विहार को जोड़ने वाला रास्ता बंद कर दिया गया था। इससे क्षेत्र के लोगों, विशेषकर बुजुर्गों को कंपनी बाग तक पहुंचने में काफी परेशानी होती थी। उन्होंने बताया कि सांसद हरेंद्र मलिक के आवास पर देर रात तक चली वार्ता के बाद सहमति बनी और अब रास्ता खोलने के साथ गेट लगाए जाने का निर्णय लिया गया है। सांसद हरेंद्र मलिक ने गेट लगवाने में सहयोग का भी आश्वासन दिया।

#RajsattaPost #AnujTyagiPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *