कांवड़ यात्रा में पुलिस और पत्रकारों से अभद्रता पर कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार सख्त, एसएसपी को निष्पक्ष व कठोर कार्रवाई के निर्देश

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री अनिल कुमार ने कांवड़ यात्रा के दौरान मुजफ्फरनगर में पुलिसकर्मियों और पत्रकारों के साथ हुई अभद्रता और मारपीट की घटनाओं का गंभीर संज्ञान लिया है। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मुजफ्फरनगर को पत्र भेजकर पूरे मामले में निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रभावी जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने अपने पत्र में कहा है कि कांवड़ यात्रा आस्था, श्रद्धा, अनुशासन और सेवा का महापर्व है, जिसमें लाखों श्रद्धालु भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हैं। ऐसे पवित्र आयोजन के दौरान कुछ असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों द्वारा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करना और कानून व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करना अत्यंत निंदनीय एवं अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होना आवश्यक है, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति कानून हाथ में लेने का साहस न कर सके।

पत्र में मंत्री ने पत्रकारों के साथ हुई मारपीट और अभद्रता की घटना पर भी गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाती है। ऐसे में दोनों के साथ हिंसक या अभद्र व्यवहार किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई होनी चाहिए।

कैबिनेट मंत्री ने एसएसपी को निर्देश दिए हैं कि घटना के संबंध में दर्ज मुकदमों की निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रभावी विवेचना कराई जाए तथा दोषियों के विरुद्ध उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अपने संदेश में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने सभी शिवभक्त कांवड़ यात्रियों से भी अपील की है कि वे यात्रा के दौरान शांति, अनुशासन और सौहार्द बनाए रखें। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए यात्रा को शांतिपूर्ण और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें। किसी भी प्रकार की अफवाह, उकसावे या कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों से दूर रहें तथा यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचना दें।

मंत्री ने विश्वास जताया कि मुजफ्फरनगर पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाएगी और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होने देगी।

#Muzaffarnagar #RajsattaPost #AnujTyagiPost #KanwarYatra

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed