कोर्ट मैरिज के बाद नवविवाहिता पहुंची एसएसपी कार्यालय, मांगी सुरक्षा
अनुज त्यागी
मुजफ्फरनगर। थाना खतौली क्षेत्र के गांव छछरपुर निवासी नवविवाहिता सानिया ने अपने पति और ससुराल पक्ष की सुरक्षा की मांग को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र सौंपा। सानिया का आरोप है कि प्रेम विवाह के बाद उसके मायके पक्ष के लोग लगातार उसे, उसके पति और ससुराल वालों को जान से मारने तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। ऐसे में उसने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा प्रदान किए जाने की मांग की है।
एसएसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में सानिया ने बताया कि वह बालिग है और उसकी जन्मतिथि 3 अगस्त 2007 है। उसने अपनी इच्छा और बिना किसी दबाव के 3 जुलाई 2026 को अपना घर छोड़ा था। उस समय वह केवल अपने पहने हुए कपड़ों में थी और अपने साथ आधार कार्ड तथा हाईस्कूल की मार्कशीट लेकर गई थी। इसके बाद उसने मेरठ जनपद के गांव रूहासा निवासी नितिन कुमार पुत्र सुरेश कुमार के साथ 6 जुलाई 2026 को विधिवत रजिस्टर्ड कोर्ट मैरिज कर ली।
सानिया ने अपने प्रार्थना पत्र में स्पष्ट कहा कि उसे किसी ने बहला-फुसलाकर या जबरन घर से नहीं ले जाया गया। उसने अपनी मर्जी और सहमति से विवाह किया है। उसने बताया कि उसकी मुलाकात नितिन से अपनी बड़ी बहन के घर के पास हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और समय के साथ दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे। बाद में उन्होंने विवाह करने का निर्णय लिया।
नवविवाहिता ने बताया कि शुरुआत में उसे नितिन की जाति के बारे में जानकारी नहीं थी। जब बाद में उसे इसकी जानकारी मिली तो नितिन ने सामाजिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए शादी करने से मना किया, लेकिन उसने साफ कहा कि वह उसी के साथ अपना जीवन बिताना चाहती है। इसके बाद दोनों ने आपसी सहमति से कोर्ट मैरिज कर ली।
सानिया का कहना है कि विवाह के बाद से उसके मायके पक्ष के लोग इस रिश्ते का विरोध कर रहे हैं। परिवार के लोग उसे और उसके पति को लगातार धमकियां दे रहे हैं। इतना ही नहीं, ससुराल पक्ष को भी झूठे मुकदमों में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी जा रही है, जिससे पूरा परिवार भय के माहौल में जीवन जी रहा है।
एसएसपी कार्यालय पहुंची सानिया ने प्रशासन से मांग की कि उसे, उसके पति नितिन कुमार और ससुराल पक्ष के सदस्यों को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे बिना किसी डर और दबाव के अपना वैवाहिक जीवन व्यतीत कर सकें। पुलिस ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बाइट : सानिया (नवविवाहिता)
सानिया ने बताया, “मैंने अपनी पसंद से नितिन के साथ शादी की है। मैं अपनी मर्जी से घर से निकली थी और किसी ने मुझे बहला-फुसलाकर नहीं ले गया। मेरी मुलाकात अपनी दीदी के घर के पास नितिन से हुई थी। बाद में हमने शादी करने का फैसला किया। अब मेरे परिवार वाले मुझे और मेरे पति को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। मैं अपने पति के साथ रहना चाहती हूं और पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग करती हूं।”
#Muzaffarnagar #RajsattaPost #AnujTyagiPost #LoveMarriage

