रामपुर में सड़क चौड़ीकरण के लिए हटाई गई हजरत बैरम शाह मियां की मजार, सुरक्षा के बीच चला प्रशासन का अभियान
रामपुर (उत्तर प्रदेश): रामपुर जिले के अजीमनगर थाना क्षेत्र में जौहर बाईपास सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत प्रशासन ने मंगलवार देर रात कार्रवाई करते हुए हजरत बैरम शाह मियां की मजार को हटा दिया। पूरी कार्रवाई भारी पुलिस सुरक्षा के बीच की गई। प्रशासन का कहना है कि मजार सड़क निर्माण कार्य में बाधा बन रही थी, इसलिए नियमानुसार इसे हटाया गया।
जानकारी के अनुसार, ‘नीम वाली जियारत’ के नाम से प्रसिद्ध यह मजार जौहर बाईपास के बीच स्थित थी। देर रात करीब तीन बजे लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीम बुलडोजर और अन्य मशीनों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में निर्माण को हटाया गया और इसके बाद मलबा भी तत्काल साफ कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए भोट, टांडा, मिलकखानम और अजीमनगर थानों की पुलिस के साथ पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। आसपास के मार्गों पर बैरिकेडिंग कर यातायात को डायवर्ट किया गया, ताकि अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे।
बताया जा रहा है कि प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से पूरे अभियान को गोपनीय रखा था। बुधवार सुबह जब स्थानीय लोगों को कार्रवाई की जानकारी मिली तो कुछ लोगों ने नाराजगी जताई। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को शांतिपूर्वक नियंत्रित रखा और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं होने दी।
प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए यह कार्रवाई की गई है। फिलहाल क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल तैनात है और हालात पूरी तरह सामान्य एवं नियंत्रण में बताए जा रहे हैं।
#RajsattaPost #AnujTyagiPost

