2027 विधानसभा चुनाव: जातीय समीकरण साधने में जुटी समाजवादी पार्टी, बूथ स्तर तक जुटाए जाएंगे आंकड़े

लखनऊ: 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने विधानसभा क्षेत्रवार जातीय समीकरणों को समझने और मजबूत करने के लिए विशेष रणनीति बनाई है। इसी उद्देश्य से एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जो बूथ और सेक्टर स्तर तक जाकर विभिन्न समुदायों के सामाजिक और जातीय आंकड़े जुटाएगी।

सूत्रों के अनुसार, यह टीम प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में अलग-अलग जातियों की संख्या, प्रभाव और राजनीतिक रुझान का अध्ययन करेगी। इन आंकड़ों के आधार पर पार्टी अपनी चुनावी रणनीति तैयार करेगी और संगठन को मजबूत करने का प्रयास करेगी।

बताया जा रहा है कि सोमवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सांसदों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में सभी पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों के जातिवार आंकड़े तैयार करने को कहा गया।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि जुटाए गए आंकड़ों का उपयोग केवल संगठनात्मक मजबूती के लिए नहीं, बल्कि 2027 विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण और प्रत्याशी चयन में भी किया जाएगा। यानी जिन क्षेत्रों में जिस समुदाय का प्रभाव अधिक होगा, वहां उसी सामाजिक समीकरण को ध्यान में रखकर उम्मीदवार उतारे जाने की रणनीति बनाई जाएगी।

समाजवादी पार्टी का मानना है कि सटीक सामाजिक इंजीनियरिंग और बूथ स्तर तक मजबूत संगठन चुनाव में बेहतर प्रदर्शन की कुंजी साबित हो सकता है।

#AkhileshYadav #SamajwadiParty #RajsattaPost #AnujTyagiPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *