कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों का अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण, सुरक्षा व यातायात व्यवस्थाओं को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
मुजफ्फरनगर। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित, दुर्घटनामुक्त एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन भानु भास्कर, पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी नई मंडी, क्षेत्राधिकारी खतौली सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने थाना नई मंडी, मंसूरपुर, खतौली, खालापार एवं कोतवाली नगर क्षेत्र के कांवड़ मार्ग, खतौली गंग नहर, बागोवाली कट, भैंसी कट, शिव चौक, मीनाक्षी चौक, रामपुर तिराहा तथा एनएच-58 का दौरा कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं की समीक्षा की। शिव चौक पर कांवड़ श्रद्धालुओं की सुविधा, जलाभिषेक व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन का भी विशेष रूप से निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा के दौरान रूट मैनेजमेंट, भीड़ नियंत्रण, सीसीटीवी निगरानी, चिकित्सा सहायता, अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं तथा यातायात संचालन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही उत्तराखंड पुलिस एवं पड़ोसी जनपदों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ यात्रा सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न कराई जा सके।
#RajsattaPost #AnujTyagiPost

