मंडी परिषद के डायरेक्टर इन्द्र विक्रम सिंह से मिले मुजफ्फरनगर के व्यापारी, विभिन्न समस्याओं के समाधान की उठाई मांग

लखनऊ/मुजफ्फरनगर। नवीन मंडी व्यापार संघ, मुजफ्फरनगर के अध्यक्ष संजय मिश्रा एवं भाजपा नेता व वरिष्ठ व्यापारी अचिंत मित्तल के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ स्थित मंडी परिषद किसान भवन में मंडी परिषद के डायरेक्टर इन्द्र विक्रम सिंह से शिष्टाचार भेंट कर मंडी समिति, मुजफ्फरनगर से संबंधित विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने मंडी में लंबे समय से लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए व्यापारियों एवं किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपील की।

प्रतिनिधिमंडल में नवीन मंडी व्यापार संघ के अध्यक्ष संजय मिश्रा, भाजपा नेता एवं वरिष्ठ व्यापारी अचिंत मित्तल, व्यापारी सचिन सिंघल तथा रिंकल बंसल शामिल रहे। व्यापारियों ने डायरेक्टर को बताया कि मंडी समिति में प्रोपराइटर से पार्टनर का नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया अत्यधिक जटिल होने के कारण व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इस प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाए जाने की मांग की ताकि व्यापारियों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने गुड़ मंडी में अनाज एवं गुड़ की लगातार घटती आवक पर भी चिंता व्यक्त की। व्यापारियों का कहना था कि आवक में कमी आने से मंडी का व्यापार प्रभावित हो रहा है, जिसका असर किसानों और व्यापारियों दोनों पर पड़ रहा है। इसके अलावा बरसात के मौसम में मंडी परिसर में होने वाले जलभराव, क्षतिग्रस्त सड़कों एवं फड़ों के शेष निर्माण कार्य, मंडी परिसर में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा चुनावी अधिग्रहण के दौरान व्यापारियों के सामने आने वाली समस्याओं से भी डायरेक्टर को अवगत कराया गया।

व्यापारियों ने कहा कि मंडी परिसर में कई विकास कार्य लंबे समय से अधूरे पड़े हैं, जिससे व्यापार संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मंडी की व्यवस्थाओं को और अधिक सुचारु बनाने के लिए लंबित निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने तथा व्यापारियों और किसानों की सुविधा के अनुरूप आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

मंडी परिषद के डायरेक्टर इन्द्र विक्रम सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मंडी समिति, मुजफ्फरनगर के व्यापारियों एवं किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा और विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि मंडी परिषद का उद्देश्य व्यापारियों और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है तथा सभी लंबित कार्यों को नियमानुसार जल्द पूरा कराया जाएगा।

बैठक के अंत में प्रतिनिधिमंडल ने डायरेक्टर इन्द्र विक्रम सिंह का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि मंडी परिषद व्यापारियों एवं किसानों की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान की दिशा में शीघ्र प्रभावी कदम उठाएगा, जिससे मंडी का व्यापार और व्यवस्थाएं दोनों मजबूत होंगी।

#RajsattaPost #AnujTyagiPost 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *