पहली बारिश में खुली विकास कार्यों की पोल, चोरावाला गांव जलभराव और कीचड़ से बेहाल

राजसत्ता पोस्ट l असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद के मोरना ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम चोरावाला में पहली ही बारिश ने विकास कार्यों की हकीकत उजागर कर दी। गांव की मुख्य सड़कें और गलियां जगह-जगह जलभराव और कीचड़ से भर गई हैं, जिससे ग्रामीणों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। सड़क पर पानी जमा होने के कारण लोगों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सड़क निर्माण और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष बारिश के दौरान यही स्थिति पैदा हो जाती है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और रोजाना आने-जाने वाले लोगों को उठानी पड़ रही है। कीचड़ से भरे रास्तों पर दोपहिया वाहनों के फिसलने का खतरा भी लगातार बना हुआ है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विकास कार्यों पर लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर कोई ठोस सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। उनका कहना है कि यदि समय रहते नालियों की सफाई और जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाती, तो ऐसी स्थिति नहीं बनती।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से गांव में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने, सड़कों की मरम्मत कराने तथा जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को राहत मिल सके और आवागमन सुचारु रूप से जारी रह सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *