दिल्ली में आईएसआई से जुड़े संदिग्ध आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़, मुजफ्फरनगर के दो युवक गिरफ्तार; परिजनों ने बताया बेगुनाह, पुलिस जांच में जुटी

मुजफ्फरनगर। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल/साइबर सेल द्वारा आईएसआई से जुड़े संदिग्ध आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए छह संदिग्धों को गिरफ्तार किए जाने के मामले में मुजफ्फरनगर का नाम भी सामने आया है। गिरफ्तार किए गए छह संदिग्धों में से दो युवक मुजफ्फरनगर जनपद के खतौली थाना क्षेत्र के अन्ति गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। दोनों की पहचान दानिश उर्फ चांद मियां और सलमान के रूप में हुई है। मामले के सामने आते ही मुजफ्फरनगर पुलिस और एलआईयू (स्थानीय अभिसूचना इकाई) भी सक्रिय हो गई है और दोनों के गांव पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार सलमान दिल्ली में रहकर फर्नीचर का काम करता था, जबकि दानिश उर्फ चांद मियां सोलर पैनल लगाने का कार्य करता था। दोनों आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं। परिजनों का कहना है कि कुछ दिन पहले दोनों गांव आए हुए थे। इसी दौरान दानिश का फोन सलमान के पास आया, जिसके बाद दोनों गांव से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। बाद में परिजनों को सूचना मिली कि दिल्ली पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

परिजनों का दावा है कि दोनों युवकों का अब तक कोई आपराधिक इतिहास नहीं रहा है। सलमान इंटरमीडिएट पास है, जबकि दानिश ने पांचवीं कक्षा तक पढ़ाई की है। परिवार का कहना है कि दोनों मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे और उनका किसी भी आपराधिक या आतंकी गतिविधि से कोई संबंध नहीं है।

दानिश उर्फ चांद मियां की मां गुलिस्ता ने दावा किया कि उनके बेटे को एक युवक यह कहकर अपने साथ ले गया था कि किसी ठेकेदार के पांच हजार रुपये लेने हैं। बाद में उनके बेटे ने बताया कि किसी व्यक्ति ने फोन कर तीस हजार रुपये देने का लालच देते हुए एक स्थान से सामान लाने के लिए कहा था। परिवार का कहना है कि उन्हें यह नहीं पता था कि वह सामान क्या था और इसी दौरान पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। उन्होंने अपने बेटे को पूरी तरह निर्दोष बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

वहीं सलमान की बहन दरक्षा ने बताया कि उनका भाई दिल्ली में अपने बड़े भाई के साथ फर्नीचर का काम करता था। उनके अनुसार गांव में खाना खाते समय दानिश का फोन आया, जिसके बाद वह यह कहकर निकला कि उसे किसी कारीगर से अपने पैसे लेने हैं। कुछ समय बाद दिल्ली पुलिस का फोन आया और गिरफ्तारी की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि उनका भाई मेहनत-मजदूरी करने वाला युवक है और उसे बेवजह इस मामले में फंसाया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरनगर पुलिस ने भी तत्काल जांच शुरू कर दी है। स्थानीय पुलिस और एलआईयू की टीम दोनों आरोपितों के घर पहुंची और उनके परिवार, पड़ोसियों तथा अन्य लोगों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई।

एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि दिल्ली पुलिस द्वारा आतंकी नेटवर्क का खुलासा किए जाने के बाद जानकारी मिली कि गिरफ्तार छह लोगों में दो युवक मुजफ्फरनगर के खतौली थाना क्षेत्र के अन्ति गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों युवक दिल्ली में रहकर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल थे तथा दिल्ली पुलिस द्वारा उनके पास से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद किए जाने की बात सामने आई है।

एसपी सिटी ने कहा कि फिलहाल पूरे मामले की जांच दिल्ली पुलिस अपने स्तर पर कर रही है, जबकि मुजफ्फरनगर पुलिस भी स्वतंत्र रूप से सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल इस मामले में जहां जांच एजेंसियां सभी तथ्यों को खंगाल रही हैं, वहीं दोनों युवकों के परिजन लगातार उन्हें बेगुनाह बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। अब सभी की निगाहें दिल्ली पुलिस और अन्य जांच एजेंसियों की विस्तृत जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।

#Muzaffarnagar #AnujTyagiPost #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *