शराब के नशे में धुत दूल्हे ने शादी में किया हंगामा, दहेज में बुलेट मांगने का आरोप, बिना दुल्हन लौटी बारात

मुजफ्फरनगर जनपद के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के गांव टांडा माजरा में सोमवार को एक शादी उस समय टूट गई, जब दूल्हा कथित तौर पर शराब के नशे में धुत होकर बारात लेकर पहुंचा। दूल्हे पर दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करने, हंगामा करने और लड़की पक्ष को धमकाने के आरोप लगे हैं। विवाद इतना बढ़ गया कि लड़की पक्ष ने शादी से साफ इनकार कर दिया और बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।

जानकारी के अनुसार, फुगाना थाना क्षेत्र के गांव डूंगर निवासी मांगेराम का पुत्र शिवम बारात लेकर टांडा माजरा गांव पहुंचा था। आरोप है कि जयमाला से पहले ही दूल्हा शराब के नशे में था। नशे की हालत में उसने दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर दी। मांग पूरी न होने पर उसने शादी समारोह में हंगामा शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दूल्हा नशे में बनियान पहनकर इधर-उधर घूमता दिखाई दिया, जिससे शादी समारोह का माहौल पूरी तरह बिगड़ गया।

दुल्हन के पिता शरदामल ने आरोप लगाया कि उन्होंने शादी की तैयारियों पर करीब सात लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन इसके बावजूद दूल्हा पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग पर अड़ा रहा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर दूल्हा पक्ष के एक युवक ने तमंचा निकालकर जान से मारने की धमकी दी और फायरिंग भी की। इसके बाद लड़की पक्ष ने शादी करने से इंकार कर दिया और बारात को बिना दुल्हन के लौटा दिया।

सूचना मिलने पर बुढ़ाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने दूल्हे का मेडिकल परीक्षण भी कराया। मामले में दुल्हन करिश्मा और उसके पिता शरदामल के बयान भी सामने आए हैं, जिनमें उन्होंने दहेज मांगने और दूल्हे के नशे में होने के आरोप लगाए हैं।

क्षेत्राधिकारी गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि लड़की पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *