रेलवे कार्य से क्षतिग्रस्त हुए नई मंडी पार्क के पुनर्निर्माण की मांग, राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने डीआरएम को लिखा पत्र

मुजफ्फरनगर। नई मंडी क्षेत्र में रेलवे लाइन के किनारे विकसित किए गए पार्क एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों को रेलवे विभाग के निर्माण कार्य के दौरान हुई क्षति का मामला अब शासन स्तर तक पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने इस प्रकरण का संज्ञान लेते हुए मंडलीय रेल प्रबंधक (डीआरएम), उत्तर रेलवे, नई दिल्ली को पत्र भेजकर क्षतिग्रस्त पार्क एवं सार्वजनिक सुविधाओं का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।

पहले

 

पूर्व सभासद विपुल भटनागर ने बताया कि वर्ष 2022 में उनके कार्यकाल के दौरान राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान के प्रयासों से आवास विकास परिषद द्वारा रेलवे लाइन के किनारे नई मंडी की ओर वर्षों से खुले पड़े नाले को ह्यूम पाइप डालकर बंद कराया गया था। इसके बाद नगर पालिका परिषद और स्थानीय लोगों के जनसहयोग से उस स्थान का व्यापक सौंदर्यीकरण कराया गया।

उन्होंने बताया कि वहां सुंदर पार्क, पैदल पथ (वॉकिंग ट्रैक), बैठने की व्यवस्था, सार्वजनिक सुविधाएं तथा विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक प्रतीकों का निर्माण कराया गया था। इससे क्षेत्रवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हुआ, जहां सुबह-शाम बड़ी संख्या में लोग सैर, व्यायाम और सामाजिक गतिविधियों के लिए पहुंचते थे।

बाद में

विपुल भटनागर के अनुसार हाल ही में रेलवे विभाग द्वारा बाउंड्री वॉल के पुनर्निर्माण एवं विस्तार कार्य के दौरान बिना किसी पूर्व सूचना और स्थानीय निकाय से समन्वय किए पार्क तथा वहां स्थापित कई सार्वजनिक परिसंपत्तियों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इस घटना से क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी और निराशा व्याप्त है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने डीआरएम को भेजे पत्र में कहा है कि नगर पालिका परिषद एवं जनसहभागिता से विकसित इस सार्वजनिक स्थल को नुकसान पहुंचा है, इसलिए रेलवे प्रशासन तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए पार्क, सार्वजनिक सुविधाओं और अन्य क्षतिग्रस्त संरचनाओं का पुनर्निर्माण कराए, ताकि आम नागरिकों को दोबारा पूर्व जैसी सुविधाएं मिल सकें।

पूर्व सभासद विपुल भटनागर ने राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पार्क केवल सौंदर्यीकरण की परियोजना नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों की सुविधा, जनसहभागिता और सामाजिक सहभागिता का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि रेलवे प्रशासन मंत्री के पत्र पर सकारात्मक कार्रवाई करते हुए जल्द ही पार्क एवं अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों का पुनर्निर्माण कराएगा।

#AnujTyagiPost #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *