तीन तलाक के बाद हलाला का झांसा, जेठ वसीम पर दुष्कर्म का आरोप; पति समेत ससुराल पक्ष पर मुकदमा

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति, जेठ और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि पहले उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया, फिर मारपीट कर तीन तलाक दे दिया गया। इसके बाद दोबारा निकाह का झांसा देकर कथित तौर पर हलाला के नाम पर उसके जेठ वसीम से जबरन दुष्कर्म कराया गया। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने पति, जेठ और अन्य ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता, जो शेरकोट कस्बे की रहने वाली है, ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उसका निकाह नहटौर के मोहल्ला सादात निवासी नदीम से हुआ था। शादी में उसके परिजनों ने फ्रिज, वॉशिंग मशीन, फर्नीचर, डबल बेड, सोफा सेट, मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के आभूषण और दो लाख रुपये नकद दिए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष कथित रूप से दहेज से संतुष्ट नहीं था और शादी के बाद से ही उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

महिला का आरोप है कि 19 मई की रात उसके पति नदीम ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और तीन बार तलाक बोलकर उसे घर से निकाल दिया। अगले दिन जब वह शिकायत लेकर थाने पहुंची तो पति और उसके परिजन उसे दोबारा निकाह का भरोसा देकर वापस घर ले गए।

पीड़िता के मुताबिक 30 मई को पति ने कहा कि दोबारा निकाह से पहले उसे उसके बड़े भाई वसीम के साथ हलाला करना होगा। महिला का आरोप है कि विरोध करने के बावजूद उसके जेठ वसीम ने हलाला के नाम पर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, घटना के बाद उसे घर में बंधक बनाकर रखा गया, मारपीट की गई और मायके वालों से संपर्क करने से भी रोका गया।

कुछ समय बाद पीड़िता ने किसी तरह अपने परिजनों से संपर्क किया और मायके पहुंची। उसका आरोप है कि स्थानीय थाने में शिकायत के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया, जिसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई।

एसपी के निर्देश पर पुलिस ने पति नदीम के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं जेठ वसीम के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जेठानी नगमा पर भी कथित सहयोग के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।

सीओ अफजलगढ़ आलोक कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

#AnujTyagiPost #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *