बीवी और प्रेमी ने मिलकर रची शौहर की हत्या की साजिश, पुलिस ने 36 घंटे में किया सनसनीखेज खुलासा
बिहार के किशनगंज जिले में युवक रिजवान आलम की हत्या के मामले में पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करने का दावा किया है। इस मामले में पुलिस ने मृतक की बीवी डेजी परवीन और उसके कथित प्रेमी अनवर हुसैन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने मिलकर रिजवान आलम की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। घटना में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी पुलिस ने बरामद कर ली है।

प्रभारी एसपी हरि मोहन शुक्ला ने बताया कि 4 जुलाई को विशनपुर थाना क्षेत्र में रिजवान आलम का शव उसके घर के बेडरूम में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया और तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
शुरुआत में मृतक की बीवी डेजी परवीन ने पुलिस को बताया था कि देर रात कुछ अज्ञात बदमाश चोरी की नीयत से घर में घुस आए थे। विरोध करने पर उन्होंने उसके शौहर की हत्या कर दी और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। लेकिन जांच के दौरान पुलिस को उसके बयान में कई विरोधाभास मिले, जिससे संदेह गहरा गया।
इसके बाद पुलिस ने डेजी परवीन के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच की। जांच में सामने आया कि उसका गांव के ही अनवर हुसैन से लगातार संपर्क था। पुलिस ने संदेह के आधार पर अनवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने कथित तौर पर हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने डेजी परवीन को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों ने मिलकर पहले हत्या की योजना बनाई और फिर रिजवान आलम की लोहे की रॉड से हत्या कर दी। इसके बाद वारदात को लूट और चोरी का रूप देने के लिए झूठी कहानी गढ़ी गई, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही हत्या के पीछे के पूरे घटनाक्रम, साजिश और अन्य संभावित पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost

