मध्य प्रदेश: अशोकनगर में कथित हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का मामला, महिला गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में कथित हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। पीएचई विभाग में कार्यरत एक कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि महिला निजी वीडियो वायरल करने और दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर लंबे समय से पैसों की मांग कर रही थी।

जानकारी के अनुसार, पीएचई विभाग में कार्यरत 31 वर्षीय मोहित मांझी, निवासी न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी ने गुरुवार को ऑनलाइन माध्यम से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने बताया कि उन्होंने घरेलू कार्य के लिए संबंधित महिला को अपने घर में नौकरानी के रूप में रखा था। कुछ समय बाद महिला ने कथित तौर पर उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और निजी वीडियो वायरल करने के साथ-साथ झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर लगातार धन की मांग करने लगी।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अशोकनगर के पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।

कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से जुड़े आरोप सामने आए हैं। फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच जारी है और सभी पक्षों के बयान व उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

#AnujTyagiPost #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *