भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में मुजफ्फरनगर में कैंडल मार्च, निष्पक्ष जांच और न्याय की उठी मांग

मुजफ्फरनगर। बिहार में हुए भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर मुजफ्फरनगर में भारी आक्रोश देखने को मिला। हिंदू रक्षा दल के बैनर तले शहर में कैंडल मार्च निकाला गया, जिसमें संगठन के कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

यह कैंडल मार्च हिंदू रक्षा दल के जिला अध्यक्ष शैंकी शर्मा और युवा जिला अध्यक्ष हेमन्त शर्मा के नेतृत्व में निकाला गया। मार्च की शुरुआत रुड़की रोड स्थित पाल धर्मशाला से हुई, जो शिव चौक होते हुए तुलसी पार्क तक पहुंचा। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में युवा और संगठन से जुड़े पदाधिकारी शामिल रहे।

कैंडल मार्च के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में मोमबत्तियां और मशालें लेकर भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की और शांतिपूर्ण तरीके से न्याय की मांग उठाई। तुलसी पार्क पहुंचने पर सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत को श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बिहार सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एनकाउंटर की निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मामले की पारदर्शी जांच होनी चाहिए और यदि किसी स्तर पर कोई गड़बड़ी हुई है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

कार्यक्रम के दौरान संगठन की ओर से प्रधानमंत्री के नाम संबोधित 10 सूत्रीय मांग पत्र भी पुलिस प्रशासन को सौंपा गया। ज्ञापन सब इंस्पेक्टर शशि थरूर को दिया गया, जिसमें मामले की उच्चस्तरीय जांच, पीड़ित परिवार को न्याय तथा अन्य मांगों को प्रमुखता से शामिल किया गया।

हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक भरत भूषण तिवारी को न्याय नहीं मिलता, उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने केंद्र और बिहार सरकार से इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की।

इस मौके पर नगर अध्यक्ष आशीष शर्मा, जिला मंत्री अनुकूल जोशी, ब्लॉक शाहपुर अध्यक्ष शिवम सिसौली, छात्र सभा जिलाध्यक्ष विशाल त्यागी, जिला सचिव अभिषेक शर्मा, प्रचार मंत्री विजय तोमर, विकास अत्री, आयुष पाल, सुरक्षा प्रमुख सूरज त्यागी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा विवेक शर्मा, अमित पाल, आकाश सैनी, उज्ज्वल त्यागी, विशाल सैनी, आदित्य शर्मा, ईशान सिंह, सत्यम शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed