ममता अग्रवाल के संयोजन में योग दिवस पर हुआ भव्य आयोजन
मुजफ्फरनगर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मूलचंद रिसॉर्ट में भाजपा जिला मंत्री ममता अग्रवाल के संयोजन में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और गौरवशाली परंपरा है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित रखने की एक संपूर्ण जीवनशैली है। नियमित योग से व्यक्ति स्वस्थ, ऊर्जावान और तनावमुक्त जीवन जी सकता है। उन्होंने सभी लोगों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने भी योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के अनेक देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है।
कार्यक्रम की आयोजक भाजपा जिला मंत्री ममता अग्रवाल ने कहा कि योग स्वस्थ जीवन की सबसे बड़ी कुंजी है। वर्तमान समय में बढ़ती भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली के बीच योग व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकाले तो अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है तथा समाज को स्वस्थ और सकारात्मक दिशा मिल सकती है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया तथा योग के माध्यम से स्वस्थ एवं निरोग जीवन का संदेश दिया। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता से कार्यक्रम सफल एवं प्रेरणादायक रहा।
अंत में अतिथियों और शहर के प्रमुख लोगों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए ममता अग्रवाल को शुभकामनाएं दीं तथा उनके सामाजिक एवं जनहित कार्यों की सराहना की। योग दिवस पर आयोजित यह भव्य कार्यक्रम शहर में आकर्षण का केंद्र बना रहा।

