शादी समारोह में थार पर स्टंट और नोट उड़ाना पड़ा भारी, दो युवक गिरफ्तार, गाड़ी सीज

राजसत्ता पोस्ट |असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर। सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक रील ने दो युवकों को सलाखों तक पहुंचा दिया। थाना चरथावल पुलिस ने शादी समारोह के दौरान थार गाड़ी की छत पर बैठकर स्टंट करने और नोट उड़ाने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही स्टंट में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी को भी सीज कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार 8 जून 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें चरथावल कस्बे की लकड़ी मंडी के पास थाना भवन मार्ग पर आयोजित एक शादी समारोह के दौरान कुछ युवक थार गाड़ी की छत पर बैठकर खतरनाक तरीके से स्टंट करते हुए दिखाई दे रहे थे। वीडियो में युवकों द्वारा खुलेआम नोट उड़ाए जा रहे थे, जिससे सड़क पर मौजूद लोगों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो सकता था।

वीडियो सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में थाना चरथावल पुलिस ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करते हुए अमजद पुत्र रियाजुद्दीन तथा हारिश पुत्र वकील, दोनों निवासी सरवट, थाना सिविल लाइन, मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि स्टंट में प्रयुक्त थार गाड़ी संख्या यूपी 12 बीवी 8283 को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है। कार्रवाई के दौरान उपनिरीक्षक राजेश शर्मा और कांस्टेबल राहुल गिरी की प्रमुख भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार की स्टंटबाजी और हुड़दंगबाजी कानून का उल्लंघन होने के साथ-साथ आम लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए यातायात नियमों और कानून की अनदेखी न करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *