बीमार मां की देखभाल को लेकर पारिवारिक विवाद, भाई-भाभी पर मारपीट का आरोप
राजसत्ता पोस्ट |असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के कस्बा चरथावल में बीमार मां की देखभाल को लेकर हुए पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है। एक युवक ने अपने भाई और भाभी पर मारपीट, गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाना चरथावल पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला शेखजादगान गर्वी निवासी मोहम्मद तहसीन पुत्र अख्तर ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनकी माता नईमा पिछले काफी समय से बीमार हैं। करीब दो माह पूर्व उनके कुल्हे की हड्डी टूट जाने के कारण वह बिस्तर पर हैं और दैनिक कार्यों के लिए दूसरों पर निर्भर हैं।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि वह स्वयं मजदूरी कर अपनी मां की देखभाल कर रहा है। जब उसने अपने भाई नईम और भाभी फरहा से मां की सेवा और देखभाल में सहयोग करने की बात कही, तो दोनों नाराज हो गए। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज की, मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद वह स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उसने आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। थाना चरथावल पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

