रोनीहरजीपुर मारपीट प्रकरण में तीन आरोपी गिरफ्तार

राजसत्ता पोस्ट |असलम त्यागी 

मुजफ्फरनगर जनपद के थाना चरथावल पुलिस ने ग्राम रोनीहरजीपुर में हुए मारपीट के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो और जांच के आधार पर की। पुलिस के अनुसार 27 मई 2026 को ईद-उल-जूहा की पूर्व संध्या पर ग्राम रोनीहरजीपुर स्थित सितारा मस्जिद के निकट मोटरसाइकिल रोकने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। अगले दिन पुलिस ने शांति भंग की आशंका में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की थी।

इस बीच घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच की। चौकी प्रभारी बिरालसी उपनिरीक्षक कुलदीप परिहार की तहरीर पर थाना चरथावल में 21 नामजद व्यक्तियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक रामकुमार सिंह को सौंपी गई।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जमील पुत्र फिजू, शुक्रियाव उर्फ बिगाड़ा पुत्र खालिद तथा आरिफ पुत्र जमील निवासी ग्राम रोनीहरजीपुर, थाना चरथावल के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रामकुमार सिंह, उपनिरीक्षक कुलदीप परिहार, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार तथा कांस्टेबल रोहित शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *