अज्ञात कारणों से मकान में लगी आग, हजारों रुपये का सामान जलकर राख, दमकल विभाग ने पाया काबू
राजसत्ता पोस्ट |असलम त्यागी
मुज़फ्फरनगर जनपद के चरथावल विकासखंड क्षेत्र के ग्राम दधेड़ू खुर्द में गुरुवार को एक मकान में अज्ञात कारणों से भीषण आग लगने से हजारों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम दधेड़ू खुर्द निवासी इकराम पुत्र अनवार के घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कमरे में रखा घरेलू सामान अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ समाजसेवी हसीब गौर मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने से पीड़ित परिवार का हजारों रुपये मूल्य का घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों का समाचार लिखे जाने तक पता नहीं चल सका था। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि आग से हुए नुकसान की भरपाई हो सके।

