चरथावल में व्यापारी संवाद कार्यक्रम, जीएसटी नियमों और योजनाओं की दी जानकारी, दूर की गईं भ्रांतियां
राजसत्ता पोस्ट | असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के नगर पंचायत चरथावल सभागार में गुरुवार 4 जून 2026 को राज्य कर विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा चलाए जा रहे “पंजीयन जागरूकता अभियान” के तहत व्यापारी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में व्यापारियों को जीएसटी पंजीकरण, कर नियमों एवं विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक में असिस्टेंट कमिश्नर (खंड-1) प्रतिभा सिंह तथा असिस्टेंट कमिश्नर (खंड-2) रूमा व असिस्टेंट कमिश्नर (खंड-3) सारिका सिंह, ने व्यापारियों से सीधा संवाद किया। अधिकारियों ने बताया कि राज्य कर विभाग का उद्देश्य केवल कर संग्रह करना नहीं, बल्कि व्यापारियों को जागरूक बनाना तथा उनकी समस्याओं का समाधान करना भी है। विभाग द्वारा जीएसटी की नई व्यवस्थाओं, कंपोजिशन योजना, व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना और अन्य सुविधाओं की जानकारी लगातार दी जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने जीएसटी विभाग की कार्यप्रणाली और निरीक्षण को लेकर अपनी शंकाएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस पर अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जीएसटी विभाग की टीम केवल कार्रवाई या छापेमारी के लिए ही नहीं आती, बल्कि नियमित निरीक्षण, मार्गदर्शन और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से व्यापारियों की सहायता भी करती है। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य व्यापारियों को भयमुक्त वातावरण प्रदान करना और उनके साथ बेहतर संवाद स्थापित करना है।
अधिकारियों ने बताया कि वस्तुओं के व्यापार से जुड़े कारोबारियों के लिए 40 लाख रुपये तथा सेवा क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों के लिए 20 लाख रुपये तक के वार्षिक कारोबार पर जीएसटी पंजीकरण अनिवार्य नहीं है। निर्धारित सीमा से कम कारोबार करने वाले व्यापारियों पर पंजीकरण न कराने की स्थिति में किसी प्रकार का जुर्माना नहीं लगाया जाता। हालांकि इच्छुक व्यापारी स्वेच्छा से पंजीकरण कराकर जीएसटी की विभिन्न सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
बैठक में यह भी बताया गया कि जीएसटी पंजीकरण से व्यापारियों को इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) सहित कई लाभ मिलते हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में पंजीकृत व्यापारियों के लिए 10 लाख रुपये की व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना संचालित है, जिसका लाभ बिना किसी प्रीमियम के उपलब्ध कराया जाता है।
कार्यक्रम में व्यापार मंडल अध्यक्ष अनुज कुमार गर्ग, अजय कुमार वर्मा, मनीष गर्ग मित्तल, अनुज कुमार, सतीश वर्मा, शाहद्दीन, आसिफ कुरैशी, इरशाद, मोहम्मद मुशीर, अभिषेक, अब्दुल्ला, रजत गर्ग, नवीन कुमार त्यागी, मिल्टन बर्तन स्टोर के प्रतिनिधि, नीरज राय सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने व्यापारियों से जीएसटी को लेकर किसी भी प्रकार के भ्रम या भय में न रहने तथा विभाग द्वारा संचालित जागरूकता कार्यक्रमों और योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

