रुड़की फैक्ट्री से चोरी हुआ 500 किलो कॉपर बरामद, चार अंतरराज्यीय शातिर चोर गिरफ्तार

राजसत्ता पोस्ट |असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद के थाना चरथावल पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए उत्तराखंड के रुड़की स्थित एक फैक्ट्री से चोरी किए गए करीब पांच लाख रुपये मूल्य के कॉपर के साथ चार अंतरराज्यीय चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 500 किलोग्राम वजन की 10 तांबे की खंभेनुमा प्लेटें तथा एक स्विफ्ट कार बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया के नेतृत्व में पुलिस टीम थानाभवन-चरथावल मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिरालसी चौकी के निकट एक संदिग्ध स्विफ्ट कार संख्या यूपी-15-डीसी-9309 को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक वाहन मोड़कर भागने लगा, लेकिन बिरालसी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कुलदीप परिहार और उनकी टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार की डिग्गी और सीटों के पीछे से तांबे की 10 भारी प्लेटें बरामद हुईं। प्रत्येक प्लेट का वजन लगभग 50 किलोग्राम बताया गया है। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शादाब पुत्र महफूश निवासी हबीबगढ़ रोड, दून पैलेस के सामने वाली गली, अमहीर हसन मस्जिद के पास, थाना कुतुबशेर जनपद सहारनपुर, उवैश पुत्र इकराम निवासी मोहल्ला हरिजन कॉलोनी, छुटमलपुर थाना फतेहपुर जनपद सहारनपुर, आशिफ पुत्र इकराम निवासी मोहल्ला हरिजन कॉलोनी, छुटमलपुर थाना फतेहपुर जनपद सहारनपुर तथा फरमान पुत्र हनीफ निवासी ग्राम चोली सहाबुद्दीनपुर थाना भगवानपुर जनपद हरिद्वार (उत्तराखंड) के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने हरिद्वार जनपद के थाना गंगनहर क्षेत्र स्थित पनियाला गांव में ग्रीन विलो रिसाइकिलिंग कंपनी के गोदाम का ताला तोड़कर कॉपर प्लेटें चोरी की थीं। आरोपी चोरी का माल सहारनपुर ले जाकर बेचने की फिराक में थे। पुलिस द्वारा थाना गंगनहर से संपर्क करने पर वहां चोरी का मुकदमा दर्ज होना भी सत्यापित हुआ।

फैक्ट्री मालिक मोहम्मद गुलरेज ने बरामद कॉपर की पहचान अपनी कंपनी के माल के रूप में की है। पुलिस के अनुसार फैक्ट्री से कुल 12 कॉपर प्लेटें चोरी हुई थीं, जिनमें से 10 प्लेटें बरामद कर ली गई हैं। शेष प्लेटों तथा अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।

सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों को छुड़ाने के लिए कुछ स्थानीय छुटभैया नेताओं का थाना परिसर में जमावड़ा भी लगा रहा, लेकिन पुलिस ने किसी भी प्रकार के दबाव में आए बिना आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी रखी। बरामदगी के आधार पर थाना चरथावल में मुकदमा संख्या 88/2026 धारा 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ थाना गंगनहर, रुड़की में भी मुकदमा संख्या 204/2026 धारा 305 बीएनएस दर्ज है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में बिरालसी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कुलदीप परिहार, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार, कांस्टेबल रोहित कुमार, कांस्टेबल जीवन, सिद्धांत, भानु प्रताप एवं राजा बाबू शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *