किसान नेता पर अवैध वसूली और धमकी के आरोप, पीड़ित परिवार ने पुलिस से लगाई गुहार,किसान नेता ने आरोपों को बताया निराधार

राजसत्ता पोस्ट | असलम त्यागी 

मुजफ्फरनगर जनपद के थाना चरथावल क्षेत्र के गांव कसौली में एक महिला द्वारा स्वयं को किसान नेता बताने वाले व्यक्ति पर अवैध वसूली, धमकी और दबाव बनाने के आरोप लगाए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने थाना चरथावल में तहरीर देकर सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है। वहीं आरोपित किसान नेता ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

गांव कसौली निवासी अंजू पत्नी विजयपाल ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव के ही कुशलवीर पुत्र श्रवण और उसका एक साथी लंबे समय से उनके परिवार को परेशान कर रहे हैं। महिला का आरोप है कि आरोपी कई बार उनके घर पहुंचकर गाली-गलौज करते हैं और अवैध रूप से रुपये मांगते हैं। रुपये न देने पर मकान खाली कराने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जाती है।

पीड़िता का आरोप है कि कुछ दिन पहले आरोपी पक्ष दबाव बनाने के उद्देश्य से जेसीबी मशीन लेकर उनके घर पहुंचा और मकान गिराने का प्रयास किया। विरोध करने पर परिवार को धमकियां दी गईं। महिला ने बताया कि उसने इस संबंध में 27 मई 2026 को तहसील प्रशासन से शिकायत की थी। आरोप है कि शिकायत के बाद आरोपी और अधिक आक्रामक हो गए तथा 29 मई की रात घर पहुंचकर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने लगे। लगातार मिल रही धमकियों से भयभीत परिवार ने थाना चरथावल में तहरीर देकर सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है। महिला ने आशंका जताई है कि यदि भविष्य में उसके या उसके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित आरोपियों की होगी।

वहीं इस मामले में किसान नेता कुशलवीर का कहना है कि आरोप पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने बताया कि विवाद किसी का मकान तुड़वाने का नहीं, बल्कि गांव के खाद के गड्ढों से अतिक्रमण हटाने और अवैध रास्तों को बंद कराने से जुड़ा है। उनके अनुसार 19 मई को सदर तहसील के लेखपाल रमेश ठाकुर ने ग्रामीणों की शिकायत पर तहसील और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में निशानदेही की थी। उनका आरोप है कि कुछ लोगों ने खाद के गड्ढों पर अवैध कब्जा कर रखा है और प्रशासनिक कार्रवाई से बचने के लिए उन पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।

किसान नेता कुशलवीर ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि जांच में उनकी कोई गलती पाई जाती है तो वे किसी भी कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार हैं। थाना चरथावल पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *