जलभराव से ग्रामीण परेशान, बीडीओ दफ्तर पर तालाबंदी की चेतावनी, सड़को पर भरा तीन महीने से पानी : विकास शर्मा भाकियू
भाकियू नेता ग्रामीणों के संग गंदे पानी में चारपाई डालकर बैठे
मुज़फ्फरनगर जनपद के चरथावल ब्लॉक क्षेत्र के गांव बिरालसी में पिछले तीन महीनों से सड़कों पर गंदा पानी भरा होने से ग्रामीणों का जीवन दूभर हो गया है। भीषण गर्मी और सूखे के मौसम में भी गांव की गलियों और सड़कों पर घुटनों तक पानी जमा है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जलभराव के कारण पूरे मोहल्ले में बीमारियां फैलने लगी हैं। गंदे पानी में लगातार निकलने से लोगों के पैरों में खुजली, संक्रमण और अन्य बीमारियों की शिकायत बढ़ रही है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है।
भारतीय किसान यूनियन के नेता विकास शर्मा ने ग्रामीणों के साथ गंदे पानी में चारपाई डालकर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की लापरवाही के चलते गांव के लोग नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। अगर गर्मी में यह हाल है तो बरसात के मौसम में स्थिति और भयावह हो जाएगी।
विकास शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही जलनिकासी की स्थाई व्यवस्था नहीं की गई तो सोमवार को ग्रामीण बीडीओ कार्यालय पर तालाबंदी कर उग्र आंदोलन करेंगे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल समस्या के समाधान की मांग की है।

