चोरी की झूठी सूचना देने वाला युवक अवैध हथियार सहित गिरफ्तार, चरथावल पुलिस जांच में खुला पूरा मामला

राजसत्ता पोस्ट |असलम त्यागी 

मुजफ्फरनगर जनपद के थाना चरथावल पुलिस ने चोरी और फायरिंग की झूठी सूचना देकर दूसरे व्यक्ति को फंसाने की साजिश रचने वाले युवक को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 12 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और बच्चों के खेलने वाले नकली कूपन नोट बरामद किए हैं। मामले में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार 28 मई 2026 की रात करीब 12:45 बजे पीआरवी 8554 को सूचना मिली कि ग्राम कुल्हेड़ी निवासी जावेद पुत्र आस मोहम्मद के घर में चोरी हो गई है तथा विपक्षी फायरिंग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक नन्द किशोर शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

पूछताछ के दौरान पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। गहन जांच करने पर पता चला कि जावेद ने गांव के ही जियाउल पुत्र इदरीश को पुरानी रंजिश के चलते झूठे चोरी के मुकदमे में फंसाने के लिए यह कहानी बनाई थी। इसके बाद पुलिस ने घर की तलाशी ली, जिसमें आरोपी के कमरे की अलमारी से एक अवैध 12 बोर देशी पौनिया तमंचा, एक जिंदा कारतूस और बच्चों के खेलने वाले 500-500 रुपये के नकली कूपन नोटों की तीन गड्डियां बरामद हुईं।

पुलिस ने आरोपी जावेद पुत्र आस मोहम्मद निवासी ग्राम कुल्हेड़ी थाना चरथावल को गिरफ्तार कर थाना चरथावल पर मु0अ0सं0 85/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले में अन्य वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक नन्द किशोर शर्मा, उपनिरीक्षक शिव कुमार शर्मा, हेड कांस्टेबल दीपक यादव तथा कांस्टेबल सोनू शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *