चरथावल में शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया ईद-उल-अजहा का पर्व, अमन-चैन की मांगी गई दुआ, पुलिस रही मुस्तैद 
राजसत्ता पोस्ट |असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के कस्बा चरथावल और आसपास के ग्रामीण इलाकों में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व पारंपरिक श्रद्धा, उत्साह और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। सुबह से ही मुस्लिम समुदाय में त्योहार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चे, युवा और बुजुर्ग नए कपड़े पहनकर ईदगाहों और मस्जिदों की ओर जाते नजर आए। निर्धारित समय पर ईदगाह और मस्जिदों में हजारों अकीदतमंदों ने नमाज अदा कर मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और भाईचारे की दुआ मांगी। चरथावल कस्बे के अलावा नंगला राई, निर्धना, हैबतपुर, लुहारी, कुटेसरा और पावटी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी ईद-उल-अजहा की रौनक देखने को मिली। सभी स्थानों पर नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। इसके बाद घरों में पारंपरिक तरीके से कुर्बानी की रस्म अदा की गई।
त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया के नेतृत्व में पुलिस बल सुबह से ही क्षेत्र में गश्त करता रहा। थाना प्रभारी ने कस्बा इंचार्ज और पुलिस टीम के साथ नंगला राई, कुटेसरा, पावटी समेत कई संवेदनशील गांवों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस प्रशासन की सतर्कता के चलते कहीं भी सड़क पर नमाज अदा नहीं की गई और पूरा पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। प्रशासन ने त्योहार के दौरान लोगों से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की थी, जिसका क्षेत्रवासियों ने पूरी तरह पालन किया।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन और पुलिस की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की मुस्तैदी के कारण त्योहार पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

