चरथावल बिजलीघर पर भाकियू का हंगामा, फुंके ट्रांसफॉर्मर न बदलने पर आंदोलन की चेतावनी
राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल विद्युत उपकेंद्र पर भारतीय किसान यूनियन के एनसीआर अध्यक्ष विकास शर्मा किसानों के साथ पहुंचे और बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। किसानों का आरोप है कि क्षेत्र में कई ट्रांसफॉर्मर पिछले एक माह से फुंके पड़े हैं, लेकिन विभाग द्वारा उन्हें अब तक नहीं बदला गया है।
किसानों ने कहा कि भीषण गर्मी और सिंचाई के समय बिजली आपूर्ति बाधित होने से उनकी फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं। इसके बावजूद विभागीय अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं।
मौके पर पहुंचे किसानों को कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं मिला, जिससे उनका आक्रोश और बढ़ गया। भाकियू नेता विकास शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही फुंके ट्रांसफॉर्मर नहीं बदले गए और किसानों की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो संगठन बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा।
उन्होंने कहा कि किसानों की उपेक्षा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जल्द ही आगे की रणनीति की घोषणा की जाएगी।

