अवैध खनन कर रहे माफियाओं पर पुलिस का शिकंजा, मौके से ट्रैक्टर-ट्रॉली और मशीन को किया सीज
असलम त्यागी | चरथावल
मुज़फ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र की हिंडन चौकी पुलिस ने महाबलीपुर गांव में अवैध मिट्टी एवं रेत खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और खनन मशीन को सीज किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया के निर्देशन में हिंडन चौकी प्रभारी नंदकिशोर शर्मा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को महाबलीपुर गांव में अवैध मिट्टी खनन किए जाने की गुप्त सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके पर अवैध रूप से मिट्टी एवं रेत का खनन होते पाया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा खनन कार्य में इस्तेमाल की जा रही मशीन को कब्जे में ले लिया। बाद में दोनों वाहनों को सीज कर थाने भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की रिपोर्ट खनन विभाग के अधिकारियों को भेज दी गई है। अब खनन विभाग द्वारा नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन करने वाले लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं। वहीं पुलिस का कहना है कि अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

