कुटेसरा गांव में बदहाल नालियां, ग्रामीणों ने जताई बीमारी फैलने की आशंका, सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

असलम त्यागी | चरथावल

मुज़फ्फरनगर जनपद के विकास खंड चरथावल क्षेत्र के कुटेसरा गांव में फारुख कुरैशी वाली गली की नालियों की हालत खस्ताहाल बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई महीनों से नालियों की सफाई नहीं कराई गई, जिससे गंदगी जमा होने के कारण दुर्गंध और जलभराव की समस्या लगातार बढ़ रही है।

गंदगी के कारण क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और गंभीर बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और ग्राम पंचायत पर लापरवाही का सीधा आरोप लगाते हुए जल्द से जल्द सफाई कराने की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार, कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर सरकार स्वच्छता अभियान और स्वच्छ भारत मिशन को बढ़ावा देने के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर गांव की यह बदहाल नालियां प्रशासनिक व्यवस्था की पोल खोल रही हैं।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नालियों की पूरी सफाई कराई जाए और इस समस्या का कोई स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि क्षेत्र में संभावित बीमारियों के खतरे को समय रहते रोका जा सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *