नाबालिग के अपहरण व कथित धर्मांतरण का आरोप, 24 मई तक कार्रवाई की चेतावनी
राजसत्ता पोस्ट
मुजफ्फरनगर। तितावी थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग लड़की के अपहरण और कथित धर्मांतरण का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। पीड़ित परिवार ने गांव के ही एक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर हिंदू संगठनों में भी रोष देखा जा रहा है।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी युवक लंबे समय से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। इसी कारण परिवार गांव छोड़कर पंजाब के एक ईंट-भट्टे पर मजदूरी करने चला गया था। आरोप है कि युवक वहां भी पहुंच गया और लड़की को अपने साथ ले आया। इसके बाद कथित रूप से उसका धर्मांतरण कराए जाने की बात कही जा रही है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने तितावी थाने में शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घटना पंजाब से जुड़ी होने की बात कहते हुए मामला वहीं का बताया। वहीं परिवार का आरोप है कि पंजाब पुलिस ने भी यह कहकर कार्रवाई से हाथ खड़े कर दिए कि मामला उत्तर प्रदेश से संबंधित है। दोनों राज्यों की पुलिस के बीच मामला उलझने से परिजन परेशान हैं।
मामले को लेकर स्वामी यशवीर महाराज ने नाराजगी जताई है। उन्होंने प्रशासन को 24 मई तक लड़की को सकुशल बरामद कर परिवार को सौंपने की चेतावनी दी है। साथ ही कहा कि यदि तय समय सीमा तक कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
घटना के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर जारी है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और संबंधित तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

