युवा नेता शाह फैसल कुरैशी बने मुजफ्फरनगर युवा कांग्रेस नगर अध्यक्ष
अनुज त्यागी
मुज़फ्फरनगर। पश्चिम उत्तर प्रदेश की राजनीति में युवा कांग्रेस ने बड़ा राजनीतिक दांव चलते हुए सक्रिय युवा चेहरा शाह फैसल कुरैशी को मुजफ्फरनगर युवा कांग्रेस का नगर अध्यक्ष नियुक्त किया है। उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस (पश्चिम) के प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

पार्टी नेतृत्व की ओर से जारी नियुक्ति पत्र में शाह फैसल कुरैशी की संगठन के प्रति निष्ठा, सक्रिय कार्यशैली और युवाओं के बीच मजबूत पकड़ को उनकी नियुक्ति की मुख्य वजह बताया गया है। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। राजनीतिक जानकार इस फैसले को कांग्रेस की आगामी चुनावी रणनीति और युवा वोट बैंक को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मान रहे हैं।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस अब संगठन में जमीनी स्तर पर सक्रिय युवा चेहरों को आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है। शाह फैसल कुरैशी लंबे समय से युवा कांग्रेस के विभिन्न कार्यक्रमों, आंदोलनों और छात्र-युवा मुद्दों को लेकर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। संगठन के भीतर उनकी पहचान एक मुखर और मेहनती युवा नेता के रूप में रही है। युवाओं के बीच उनकी लोकप्रियता और सामाजिक मुद्दों पर उनकी सक्रियता को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस मुजफ्फरनगर में युवाओं और अल्पसंख्यक वर्ग के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ऐसे में शाह फैसल कुरैशी की नियुक्ति को संगठन में नई ऊर्जा और युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने वाले फैसले के रूप में देखा जा रहा है।
नगर अध्यक्ष बनाए जाने के बाद शाह फैसल कुरैशी ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को साथ लेकर संगठन को मजबूत किया जाएगा तथा बेरोजगारी, शिक्षा, महंगाई और युवाओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
शाह फैसल कुरैशी की नियुक्ति के बाद युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया पर भी उन्हें लगातार बधाइयां दी जा रही हैं। कई कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन में नई ऊर्जा और युवाओं को आगे बढ़ाने वाला निर्णय बताया है।

