वैष्णो देवी से लौट रहा परिवार हादसे का शिकार, दंपति समेत तीन मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में पूरा परिवार खत्म हो गया। माता वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रहे बाइक सवार दंपति और उनके तीन मासूम बच्चों की तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार कोतवाली नगर क्षेत्र के गांव धानेरा कीरत निवासी उत्तम अपनी पत्नी उर्मिला और तीन बच्चों निशांत, दिशा और अनायरा के साथ वैष्णो देवी यात्रा से लौट रहे थे। परिवार खुर्जा में अपने रिश्तेदार के यहां रुकने के बाद बाइक से गांव वापस आ रहा था। इसी दौरान कोतवाली देहात क्षेत्र के भैंसोली मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में उत्तम, उनकी पत्नी उर्मिला, 9 वर्षीय बेटा निशांत, 6 वर्षीय बेटी दिशा और 4 साल की मासूम अनायरा शामिल हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

परिजनों के अनुसार पूरा परिवार खुशी-खुशी माता वैष्णो देवी के दर्शन कर घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को खत्म कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *