चरथावल के शिक्षक ने रचा इतिहास–मास्टर सईद त्यागी को मानद डॉक्टरेट की उपाधि से किया गया सम्मानित, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर
असलम त्यागी | चरथावल
नई दिल्ली। समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले मुज़फ्फरनगर जनपद के विकास खंड चरथावल क्षेत्र के गांव निर्धना निवासी एवं अलीगढ़ में तैनात शिक्षक मास्टर मोहम्मद सईद त्यागी को ‘विश्व साहित्यिक एवं पर्यावरण संरक्षण आयोग’ द्वारा मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान 27 अप्रैल 2026 को नई दिल्ली स्थित कंस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान प्रदान किया गया।
मास्टर सईद त्यागी लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रसार और विद्यार्थियों के उत्थान के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने, उन्हें प्रोत्साहित करने और उनके भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके प्रयासों से अनेक छात्र-छात्राओं ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
इसके अलावा वे जूनियर शिक्षक संघ, उत्तर प्रदेश के पदाधिकारी के रूप में भी सक्रिय हैं और शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं। शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए उनकी भूमिका सराहनीय मानी जाती है।
‘विश्व साहित्यिक एवं पर्यावरण संरक्षण आयोग’ द्वारा दिया जाने वाला यह सम्मान उन व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है, जो निस्वार्थ भाव से समाज सेवा, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हैं। मास्टर सईद त्यागी का चयन भी उनके इसी समर्पण और योगदान को देखते हुए किया गया।
उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा चरथावल क्षेत्र और मुजफ्फरनगर जनपद गौरवान्वित महसूस कर रहा है। क्षेत्र के लोगों ने इसे शिक्षा और समाज सेवा से जुड़े लोगों के लिए प्रेरणादायक बताया है।
समारोह के दौरान उनके साथ परिवार और क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिनमें शमशाद अली, अब्दुल, अकरम खान, लियाकत अली, मोहसिन अली, सचिन कुमार, दीपक त्यागी, मुजीबुर रहमान और मुसैब प्रमुख रूप से शामिल रहे। उपस्थित लोगों ने उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

