सांसद हरेंद्र मलिक ने गन्ना भुगतान और कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा, अखिलेश यादव की ‘24 घंटे में भुगतान’ योजना का किया स्वागत

📍 मुजफ्फरनगर

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और मुजफ्फरनगर लोकसभा सांसद हरेंद्र मलिक ने प्रेस वार्ता कर उत्तर प्रदेश की आगामी राजनीतिक और सामाजिक दिशा का खाका पेश किया। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की किसान हितैषी नीतियों का समर्थन करते हुए पर्ची कटते ही तुरंत भुगतान की घोषणा का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय पुलिस प्रशासन और सत्ताधारी मंत्रियों पर गंभीर आरोप लगाए।

सांसद हरेंद्र मलिक ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के योगदान को याद करते हुए कहा कि किसानों के हित में ऐतिहासिक फैसले हमेशा समाजवादी सरकार में हुए हैं। उन्होंने कहा कि खड़े कोल्हू का लाइसेंस खत्म करने का निर्णय मुलायम सिंह यादव की सरकार ने लिया था। गन्ना भुगतान को चेक और बैंक के माध्यम से सुनिश्चित करने की शुरुआत भी उसी समय हुई थी।

उन्होंने अखिलेश यादव की हालिया घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि वर्ष 2027 में सपा सरकार बनने पर किसानों को गन्ने की तुलाई के 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गाजियाबाद से ‘विजन इंडिया’ अभियान के तहत 15,000 करोड़ रुपये के किसान रिवॉल्विंग फंड की घोषणा की है, जिससे चीनी मिलों की देरी को खत्म कर किसानों के खाते में सीधे पैसा भेजा जा सके।

इस दौरान सांसद ने जनपद की कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सराफा बाजार के कोने पर एक फल विक्रेता की निजी जमीन पर पुलिस जबरन चेक पोस्ट बनाना चाहती है। उन्होंने मांग की कि चेक पोस्ट के लिए मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (MDA) से स्वीकृत जमीन का ही चयन किया जाए।

सांसद हरेंद्र मलिक ने राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल का नाम लेते हुए गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक मामले में तीन दोषी लड़कों को पुलिस से छुड़वा दिया गया, जबकि एक निर्दोष व्यक्ति को जेल भेज दिया गया। सांसद ने कहा कि यह जानकारी उन्हें एक पीड़ित महिला ने दी है।

विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं पर बोलते हुए सांसद ने कहा कि पूरे प्रदेश में स्मार्ट मीटर को लेकर जनता में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के निर्देशानुसार, 2027 में सपा सरकार बनने पर स्मार्ट मीटर की बाध्यता समाप्त कर दी जाएगी और पारदर्शी बिजली व्यवस्था लागू की जाएगी। साथ ही 300 यूनिट तक प्रतिमाह मुफ्त बिजली देने की योजना भी लागू की जाएगी।

हरेंद्र मलिक ने पश्चिम बंगाल के चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां एक बार फिर टीएमसी की सरकार बनने जा रही है, जो भाजपा के खिलाफ जनता के जनादेश को दर्शाएगा।

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा जिला अध्यक्ष जिया चौधरी ,जिला महासचिव सोमपाल कोरी,महानगर अध्यक्ष बॉबी त्यागी भी मौजूद रहे

बाइट: हरेंद्र मलिक, सांसद व राष्ट्रीय महासचिव, समाजवादी पार्टी।

#HarendraMalik #AkhileshYadav #SamajwadiParty #Muzaffarnagar #AnujTyagiPost #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *