पुलिस मुठभेड़ में शातिर गौकश इरशाद हुआ घायल, तमंचा बरामद

असलम त्यागी |चरथावल
मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना चरथावल क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब गोकशी के मामले में वांछित एक शातिर अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त घायल हो गया, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में चल रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत चरथावल पुलिस टीम सक्रिय थी। इसी दौरान 22/23 अप्रैल 2026 की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम पावटी के जंगल में एक व्यक्ति ने एक बछड़े पर गोकशी की नीयत से हमला किया है। घायल बछड़ा जंगल में भाग गया, जिसका पीछा आरोपी कर रहा था।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया था। इस दौरान घायल बछड़े की मौत हो गई। बाद में 23 अप्रैल को पुलिस जब आरोपी को घटनास्थल की तस्दीक के लिए जंगल में ले गई, तभी उसने अचानक पुलिस को धक्का देकर छुड़ाने की कोशिश की और पहले से छुपाए गए तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी।
एसपी सिटी अमृत जैन ने जानकारी देते बताया कि आरोपी ने ईख के खेत में छिपकर पुलिस पर गोली चलाई, जिससे टीम बाल-बाल बची। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। इसके बाद उसे काबू में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल अभियुक्त की पहचान इरशाद पुत्र नफीस निवासी टंकी के पास, थाना खालापार, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पहले भी पशु क्रूरता और गौवध अधिनियम सहित कई मामलों में नामजद रहा है। उसके खिलाफ चरथावल और कोतवाली नगर थानों में गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया सहित पूरी पुलिस टीम की भूमिका अहम रही। इलाके में पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर चर्चा बनी हुई है।

