वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर द्वारा थाना चरथावल का आकस्मिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा द्वारा आज दिनांक 22.04.2026 को थाना चरथावल का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना स्तर पर विभिन्न व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
निरीक्षण के दौरान महोदय द्वारा थाना कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष, आगंतुक कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, हवालात, बैरक, मालखाना सहित विभिन्न अभिलेखों का विस्तृत अवलोकन किया गया। इस दौरान अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, अपराध रजिस्टरों के अद्यतन संधारण तथा लंबित विवेचनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई।
कंप्यूटर कक्ष के निरीक्षण में ऑनलाइन सेवाओं, पोर्टल एंट्री, सीसीटीएनएस कार्य प्रणाली एवं डाटा अपडेट की स्थिति की जांच की गई। इस दौरान निर्देश दिए गए कि सभी प्रविष्टियां समयबद्ध, शुद्ध एवं त्रुटिरहित रूप से सुनिश्चित की जाएं।
महिला हेल्प डेस्क के निरीक्षण के दौरान महिला संबंधी शिकायतों के त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। वहीं आगंतुक कक्ष में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त बैरक, थाना परिसर की साफ-सफाई, अनुशासन, शस्त्रों के उचित रख-रखाव एवं ड्यूटी प्रबंधन की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने नियमित गश्त बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखने तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्य में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनहित को सर्वोपरि रखने हेतु प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रविशंकर, थाना प्रभारी चरथावल सत्यनारायण दहिया सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

