चरथावल पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को नाजायज चाकू के साथ किया गिरफ्तार

असलम त्यागी | चरथावल 

मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना चरथावल पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक नाजायज चापड़ (चाकू) बरामद हुआ है। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण और संदिग्ध व्यक्तियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में थाना चरथावल प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में टीम सक्रिय थी।

दिनांक 17 अप्रैल 2026 को उपनिरीक्षक राजेश शर्मा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक कैन्टीन संचालक से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम रोहाना तिराहे के पास पहुंची, जहां एक संदिग्ध युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक नाजायज चापड़ (चाकू) बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी की पहचान कासिफ पुत्र हैदर रजा निवासी मोहल्ला इमामबाड़ा, थाना चरथावल, उम्र करीब 22 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर थाना चरथावल पर मु0अ0सं0 58/2026 धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया।

पुलिस अभिलेखों के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी दर्ज है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजेश शर्मा के साथ कांस्टेबल राहुल गिरी और कांस्टेबल तेजेन्द्र धामा की अहम भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *