गाली -गलौज व जान से मारने की धमकी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, न्यायालय भेजे गए

असलम त्यागी | चरथावल

मुजफ्फरनगर। थाना चरथावल क्षेत्र में गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम रोनी हरजीपुर निवासी विकास शर्मा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि गांव के ही कुछ लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक चरथावल के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रामेश्वर दयाल ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नीरज पुत्र नाथीराम (उम्र करीब 40 वर्ष) और अनीत पुत्र देवेंद्र (उम्र करीब 34 वर्ष) निवासी ग्राम रोनी हरजीपुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 352/351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। इन धाराओं में सात वर्ष से कम सजा का प्रावधान होने के कारण आरोपियों को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया है।

पुलिस अभिलेखों के अनुसार, दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *