बाइक की टक्कर के बाद विवाद, 46 वर्षीय व्यक्ति की पिटाई; दो युवक हिरासत में, पुलिस जाँच में जुटी 
असलम त्यागी | चरथावल
मुजफ्फरनगर। थाना चरथावल क्षेत्र में दो बाइकों की टक्कर के बाद हुआ मामूली विवाद मारपीट में बदल गया। घटना में 46 वर्षीय व्यक्ति को पीटकर घायल कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, दधेडू कला निवासी गुलफाम पुत्र अफसर अली बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक की दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही झगड़े में बदल गई।
आरोप है कि दूसरी बाइक सवार युवकों ने गुस्से में आकर गुलफाम के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया।
पुलिस ने घायल का मेडिकल परीक्षण कराते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया ने बताया कि मामले की जांच जारी है और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

