चरथावल के साहिल त्यागी बने MBBS डॉक्टर, क्षेत्र में खुशी की लहर, परिवार और क्षेत्र का नाम किया रोशन
असलम त्यागी | चरथावल
मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल कस्बे के मोहल्ला चौहट्टा निवासी जीजू पुत्र सहजू के प्रपौत्र एवं सरताज त्यागी के पुत्र साहिल त्यागी ने एमबीबीएस (बैचलर ऑफ मेडिसिन एवं बैचलर ऑफ सर्जरी) की डिग्री प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से चरथावल क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल बना हुआ है।

साहिल त्यागी ने उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित नोएडा इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज से अपनी चिकित्सा शिक्षा पूरी की है। कठिन परिश्रम, लगन और अनुशासन के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया, जो क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है।
शैक्षिक क्षेत्र में भी साहिल का प्रदर्शन शुरू से ही उत्कृष्ट रहा है। उन्होंने वर्ष 2019 में चरथावल स्थित नालंदा पब्लिक स्कूल से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की थी और उस समय भी वे विद्यालय के मेधावी छात्रों में शामिल रहे। उनके शिक्षकों के अनुसार साहिल हमेशा पढ़ाई के प्रति गंभीर और अनुशासित छात्र रहे हैं।
साहिल की इस सफलता पर परिवारजनों, रिश्तेदारों, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। इसी क्रम में चरथावल कस्बे के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. उस्मान त्यागी, जो साहिल के फूफा हैं, ने उन्हें माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
परिवार ने साहिल की सफलता का श्रेय उनकी कड़ी मेहनत, माता-पिता के सहयोग तथा गुरुओं के मार्गदर्शन को दिया है। सभी ने उम्मीद जताई है कि साहिल आगे चलकर समाज की सेवा करेंगे और एक सफल चिकित्सक के रूप में अपनी अलग पहचान बनाएंगे।

