विद्युत विभाग की लापरवाही से किसान की 6 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख, भाकियू ने मुआवजे की मांग उठाई
असलम त्यागी | चरथावल
मुज़फ्फरनगर जनपद के थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव दधेडू में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते एक किसान की खड़ी फसल आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में भारी रोष व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, जर्जर बिजली लाइनों से निकली चिंगारी के कारण किसान मोहम्मद गालिब की लगभग 6 बीघा गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी फसल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
स्थानीय ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक फसल पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इस मामले पर भारतीय किसान यूनियन के नेता विकास शर्मा ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे विभागीय लापरवाही बताया। उन्होंने कहा कि जर्जर तारों और लापरवाह रखरखाव के कारण किसान लगातार नुकसान झेल रहे हैं।
विकास शर्मा ने यह भी बताया कि पीड़ित किसान मोहम्मद गालिब की लगभग छह माह पूर्व गन्ने की फसल भी इसी तरह आग की भेंट चढ़ चुकी थी, लेकिन अब तक उसे कोई मुआवजा नहीं मिल सका है। उन्होंने कहा कि बार-बार हो रहे नुकसान के बावजूद प्रशासन की उदासीनता चिंताजनक है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जिला प्रशासन जल्द ही पीड़ित किसान को उचित मुआवजा नहीं दिलाता और क्षेत्र की जर्जर बिजली लाइनों को दुरुस्त नहीं किया जाता, तो भारतीय किसान यूनियन डीएम कार्यालय पर बड़ा प्रदर्शन करेगी।
किसान नेता विकास शर्मा ने इस घटना की जानकारी दूरभाष के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को भी दी है और तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद ग्रामीणों और किसानों में आक्रोश है और वे जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।

