देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भव्य स्वागत, 12 किमी रोड शो में उमड़ा जनसैलाब

देहरादून। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के लोकार्पण के अवसर पर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देहरादून पहुंचे, जहां उनका भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना से की और देश व उत्तराखण्ड की सुख-समृद्धि की कामना की।

मंदिर दर्शन के बाद प्रधानमंत्री लगभग 12 किलोमीटर लंबा रोड शो करते हुए कैंट क्षेत्र स्थित सभा स्थल तक पहुंचे। इस दौरान सड़क के दोनों ओर हजारों की संख्या में युवा, महिलाएं और आमजन मौजूद रहे। “भारत माता की जय” के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा और लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। हर कोई प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आया।

रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री ने हाथ जोड़कर और हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन स्वीकार किया। लोगों के अपार प्रेम और समर्थन से वे बेहद प्रसन्न दिखाई दिए। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया, जिससे पूरा माहौल उत्सव जैसा बन गया।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने इस अभूतपूर्व स्वागत के लिए उत्तराखण्ड की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि देवभूमि से उन्हें हमेशा विशेष ऊर्जा मिलती है और यहां के लोगों का स्नेह उन्हें देश के विकास के लिए और अधिक प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि इस बार भी वे उत्तराखण्ड से नई ऊर्जा लेकर जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने रोड शो के दौरान उमड़े जनसैलाब का जिक्र करते हुए बताया कि जनता के अभिवादन के कारण उनका काफिला धीमी गति से आगे बढ़ा, जिससे सभा स्थल तक पहुंचने में एक घंटे से अधिक का समय लग गया। इसके लिए उन्होंने जनसभा में उपस्थित लोगों से क्षमा भी मांगी।

उन्होंने कहा कि यह भव्य स्वागत और रोड शो न केवल दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के महत्व को दर्शाता है, बल्कि उत्तराखण्ड की जनता और उनके बीच गहरे भावनात्मक जुड़ाव को भी प्रदर्शित करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *