सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पीएम मोदी के उत्तराखण्ड दौरे को बताया विकास की नई सौगात, एशिया के सबसे लंबे वाइल्डलाइफ कॉरिडोर का जिक्र
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखण्ड आगमन पर उनका स्वागत करते हुए कहा कि उनका प्रत्येक दौरा राज्य के लिए नई ऊर्जा और विकास की नई सौगात लेकर आता है। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और उत्तराखण्ड को लगभग ₹12 हजार करोड़ की लागत से बने एशिया के सबसे लंबे ऐलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर की महत्वपूर्ण सौगात मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन कई मायनों में विशेष है। एक ओर जहां दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के रूप में राज्य की विकास यात्रा को नई गति मिल रही है, वहीं यह अवसर डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती का भी है। उन्होंने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने समाज के वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़कर सामाजिक समरसता को मजबूत किया।
मुख्यमंत्री ने देशवासियों को बैसाखी और सिख नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत और कृषि परंपराओं का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने आधारभूत संरचना, अर्थव्यवस्था, महिला सशक्तिकरण और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखण्ड का दशक बताए जाने से प्रदेशवासियों में नया उत्साह आया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने सीमांत गांव माणा को देश का प्रथम गांव घोषित किया, ‘वेड इन उत्तराखण्ड’ का संदेश दिया, आदि कैलाश को वैश्विक पहचान दिलाई, राष्ट्रीय खेलों के आयोजन से राज्य को खेलभूमि के रूप में पहचान दी और शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के नेतृत्व में “विकास भी और विरासत भी” की अवधारणा के साथ हर क्षेत्र में कार्य कर रही है और उत्तराखण्ड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए संकल्पबद्ध है।
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने कविता के माध्यम से कहा—“अब रफ्ता-रफ्ता नहीं, पूरी रफ्तार के साथ आगे बढ़ रहा है भारत…”—और प्रधानमंत्री के नेतृत्व, विकास कार्यों तथा जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को नंदा देवी राजजात पर आधारित स्मृति चिन्ह भेंट किया, जिसमें मां नंदा की डोली और पारंपरिक यात्रा का सुंदर चित्रण किया गया था।
#PushkarSinghDhami #NarendraModi #Uttarakhand #Development #AmbedkarJayanti #Baisakhi #IndiaGrowth #AnujTyagiPost #RajsattaPost

