सांसद हरेंद्र सिंह मलिक ने अंबेडकर जयंती पर कई स्थानों पर दी श्रद्धांजलि, बताए उनके विचारों के महत्व
मुजफ्फरनगर।
आज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सांसद हरेंद्र सिंह मलिक ने जनपद के विभिन्न स्थानों—समाजवादी पार्टी कार्यालय मुजफ्फरनगर, नगर पालिका परिषद, शिव चौक, कस्बा बुढ़ाना, रविदास पुरी कॉलोनी, सुजड़ू खेड़ा, कचहरी रोड तथा गांव घिस्सूखेड़ा—में पहुंचकर भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया।
इस दौरान सांसद ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने अपना संपूर्ण जीवन समाज के शोषित, वंचित और कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित किया। उनके संघर्ष और विचार आज भी समाज को समानता, न्याय और भाईचारे की दिशा में प्रेरित करते हैं।
सांसद हरेंद्र सिंह मलिक ने कहा कि बाबा साहब द्वारा निर्मित भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है, जो हर नागरिक को समान अधिकार और सम्मान देता है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि बाबा साहब के आदर्शों को अपनाकर समाज में समरसता, एकता और भाईचारे को और अधिक सशक्त बनाया जाए।
कार्यक्रमों के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, पार्टी कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने बाबा साहब को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost

