मुजफ्फरनगर: अंबेडकर जयंती पर श्रद्धांजलि, कांग्रेस नेताओं ने संविधान और समानता का दिया संदेश

मुजफ्फरनगर। भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आज जिला कैंप कार्यालय, कचहरी गेट (गांधी आश्रम के निकट) पर कार्यक्रम पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ आयोजित किया गया। इस दौरान उपस्थित नेताओं व कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके जीवन, संघर्ष और समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान को याद किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कमल मित्तल ने कहा कि वर्तमान समय में अंबेडकर जी द्वारा रचित संविधान ही देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को जीवंत बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि यदि अंबेडकर जी का योगदान न होता, तो देश एक बार फिर ईस्ट इंडिया कंपनी की तरह कुछ चुनिंदा व्यापारिक ताकतों के प्रभाव में फंस सकता था। उन्होंने संविधान की मूल भावना—समानता, न्याय और स्वतंत्रता—को बनाए रखने पर जोर दिया।

इस अवसर पर कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष नौशाद अल्वी ने उपस्थित लोगों से बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज में समानता, शिक्षा और भाईचारे को बढ़ावा देना ही अंबेडकर जी को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे संविधान के मूल्यों को समझें और उन्हें अपने जीवन में अपनाएं।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कचहरी गेट स्थित अंबेडकर जी की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया। पूरे आयोजन में सामाजिक एकता और जागरूकता का संदेश दिया गया।

इस मौके पर महिला विंग की जिलाध्यक्ष अफसाना अंसारी, सतीश शर्मा, इमरान, रजत, शबाना कुरैशी, कमल कपिल, एडवोकेट फरीद, एडवोकेट ममनून अंसारी, बृजेश, नरेश भारती, हर्षवर्धन त्यागी, साकिब अंसारी, इंतजार अल्वी सहित अनेक कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पण तथा अंबेडकर जी के आदर्शों पर चलने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *