विधायक पंकज मलिक ने विभिन्न गांवों में पहुंचकर अंबेडकर जयंती कार्यक्रमों में लिया भाग

मुजफ्फरनगर: चरथावल विधानसभा क्षेत्र के सपा विधायक पंकज मलिक ने क्षेत्र के गांव कान्हेड़ी, देहचंद, कसौली एवं ज्ञाना माजरा रोड़ान में पहुंचकर भारत रत्न डॉ. भीमराव रामजी अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया।

इस दौरान विधायक पंकज मलिक ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने अपना संपूर्ण जीवन समाज के कमजोर, शोषित और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया। उनके विचार आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।

विधायक ने कहा कि बाबा साहब द्वारा निर्मित संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है, जिसने हर नागरिक को समान अधिकार और अवसर प्रदान किए हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज में समानता, भाईचारा और न्याय की भावना को मजबूत करें।

कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही, जिन्होंने बाबा साहब के विचारों को अपनाने का संकल्प लिया और उनकी जयंती को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया।

#Muzaffarnagar #PankajMalik #AmbedkarJayanti #AnujTyagiPost #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *