51 किलो की माला से हुआ भव्य स्वागत, कपिल देव अग्रवाल का उद्यमियों ने किया अभिनंदन
मुजफ्फरनगर में फेडरेशन ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा आयोजित भव्य सम्मान समारोह में मंत्री कपिल देव अग्रवाल का उद्यमियों ने 51 किलो की माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में जिले भर के उद्योगपति, व्यापारी और फेडरेशन से जुड़े सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

यह समारोह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सफल आगमन कार्यक्रम के उपलक्ष्य में फेडरेशन भवन में आयोजित किया गया। उद्यमियों ने एक स्वर में कार्यक्रम की सफलता का श्रेय कपिल देव अग्रवाल को देते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फेडरेशन ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के स्टॉल पर भी पहुंचे, जहां स्थानीय उद्यमियों द्वारा अपने-अपने उद्योग, फैक्ट्रियों और उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। उन्होंने विभिन्न उत्पादों को ध्यानपूर्वक देखा और उनकी गुणवत्ता की सराहना की।
इसी क्रम में फेडरेशन के सचिव अभिषेक अग्रवाल द्वारा संचालित अग्रवाल डुप्लेक्स बोर्ड मिल्स लिमिटेड में निर्मित टिशू पेपर की मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से प्रशंसा की। जानकारी दी गई कि यह टिशू पेपर पूरी तरह बायोडिग्रेडेबल है और उच्च गुणवत्ता का है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के उत्पाद का मुजफ्फरनगर में निर्माण होना जिले के लिए गर्व की बात है।
अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि “हमारा प्रयास है कि हम पर्यावरण के अनुकूल और उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद बनाएं। मुख्यमंत्री द्वारा सराहना मिलना हम सभी के लिए प्रेरणा का कार्य करेगा।”
कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि “मुजफ्फरनगर के उद्यमी प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। आगे भी सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए हर संभव सहयोग देगी।”
सौरभ मित्तल ने कहा कि “फेडरेशन लगातार उद्योगों को एक मंच देने और नए अवसर उपलब्ध कराने का काम कर रहा है। ऐसे आयोजन उद्यमियों का मनोबल बढ़ाते हैं और विकास को गति देते हैं।”
अंत में फेडरेशन ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, मुजफ्फरनगर के सभी सदस्यों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मंत्री कपिल देव अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे सकारात्मक प्रयासों की उम्मीद जताई।
#Muzaffarnagar #KapilDevAgarwal #YogiAdityanath #BusinessNews #AnujTyagiPost #RajsattaPost

